भोपाल । काँग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने आज जारी अपने बयान में कहा है कि भाजपा के नेता पूरे प्रदेश में आग लगाने का काम कर रहे हैं। मसूद का कहना है कि भाजपा के नेताओं के एक के बाद एक अनर्गल बयान आ रहे हैं जिससे उनकी मंशा साफ़ ज़ाहिर है कि वो प्रदेश के माहोल को ख़राब करना चाहते हैं।
आरिफ मसूद का कहना है कि काँग्रेस नगरिकता क़ानून में संशोधन चाहती है और देश भर में इसी को लेकर लोग प्रदर्शन कर रहे हैं पर जो क़ानून बन चुका है उसको बनवाने के लिए पहली बार कोई राजनीतिक दल प्रदर्शन कर रहा है, जिससे भाजपा की रीति, नीति स्पष्ट है कि वो केवल माहोल ख़राब करना चाहती है।
मसूद ने कहा कि यह सब जनता देख रही है कि कैसे जानबूझकर भाजपा के नेता एक ऐसी बात के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं जो पहले ही संविधान के विपरीत जा कर बना दिया गया है। देश में हिंदू, मुस्लिम दंगे करा कर राजनीति करना बिलकुल ग़लत है और यह भाजपा की राजनीति का अहम हिस्सा बन चुका है, काँंग्रेस का हर एक कार्यकर्ता हिंदू, मुस्लिम एकता की लड़ाई आख़री दम तक लड़ेगा और संविधान की रक्षा का दायित्व निभाएगा। मसूद का कहना है कि प्रधान मंत्री को देश को सम्बोधित करके आश्वासन देना चाहिए कि भारत सरकार एन॰आर॰सी॰ नहीं लागू करेगी।
काँग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने यह भी अपील की है कि सभी लोग शांतिपूर्वक प्रदर्शन करें और किसी भी तरह के असामाजिक तत्वों को प्रदेश का माहोल ख़राब ना करने दें।
