छतरपुर। भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह ने छतरपुर में मेडिकल कालेज खोले जाने की मांग को लेकर प्रदेश की शिवराज सरकार एवं केंद्र की मोदी सरकार को प्रस्ताव भेजा है, जिसमें उन्होंने छतरपुर को बुंदेलखण्ड का हृदय स्थल बताते हुये यहां मेडिकल कालेज खोले जाने को सभी के लिये सुविधाजनक बताया है।
भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी अरविन्द बुंदेला ने बताया कि भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा भेजे गये प्रस्ताव में जहां केंद्र सरकार के आम बजट को विकासोन्मुखी एवं गरीबों, किसानों के हित में ऐतिहासिक बजट बताया है वहीं तीन संसदीय क्षेत्रों में एक मेडिकल कालेज खोले जाने की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की घोषणा का स्वागत करते हुये कहा है कि छतरपुर जिला तीन संसदीय क्षेत्रों टीकमगढ़, दमोह एवं खजुराहो के बीच में पड़ता है तथा इन तीनों संसदीय क्षेत्रों का हृदय स्थल है।
छतरपुर का जिला चिकित्सालय इन तीनों संसदीय क्षेत्रों के जिला चिकित्सालयों में से सबसे बड़ा एवं सुविधाजनक चिकित्सालय है। अगर यहां मेडिकल कालेज खोला जाता है तो तीनों संसदीय क्षेत्रों के लोगों के लिये न केवल सुविधाजनक होगा अपितु उत्तर प्रदेश के महोबा, हमीरपुर, बांदा जिलों के मरीज भी लाभान्वित होगें। वैसे भी इन जिलों के लोग आज भी छतरपुर में इलाज कराने के लिये आते हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष श्री सिंह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जिला भाजपा की ओर से प्रस्ताव भेजते हुये मेडिकल कालेज खोले जाने की मांग की है।
