शाजापुर। मध्यप्रदेश सहकारी संस्थाएं कर्मचारी महासंघ के बैनरतले अपनी लंबित मांगों के निराकरण हेतु हड़ताल कर रहे सहकारिता कर्मचारियों ने रविवार को बीएसएन कालेज के सामने एबी रोड पर अर्ध नग्न होकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने प्रदर्शन के माध्यम से मांग की कि प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्थाओं में पदस्थ समस्त कर्मचारियों का वेतनमान लागू किया जाए, प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्थाओं में पदस्थ समस्त कर्मचारियों का जिला केडर, स्थानांतरण लागू किया जाए, सहकारी संस्थाओं में कार्यरत कम्प्यूटर आपरेटरों को सेवा नियम में लिया जाए, सेवा निवृत्त की आयु 62 वर्ष की जाए, शासकीय उचित मूल्य दुकानों को समूह में देने का निर्णय वापस कर दुकानों को समितियों को दी जाए एवं समितियों में भुगतान क्षमता के मापदंड को पूर्णत: समाप्त कर कर्मचारियों को राज्य शासन के कर्मचारियों का दर्जा दिया जाए।
उल्लेखनीय है कि सहकारिता समिति कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर सहकारी कर्मचारी बीएसएन कालेज के सामने एबी रोड पर कलम बंद, तालाबंद अनिश्चितकालीन हड़ताल कर रहे हैं। हड़ताल के पांचवे दिन कर्मचारियों ने अर्धनग्न प्रदर्शन किया। इस हड़ताल में जिलेभर के जिला सहकारी समिति के प्रबंधक व आपरेटर शामिल हैं। इन सहकारी कर्मचारियों की हड़ताल से ग्रामीण क्षेत्र में कई आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। हड़ताली कर्मचारियों का कहना है कि बीते वर्षों से संगठन द्वारा बार-बार शासन प्रशासन से विभिन्न मांग की जा रही है, लेकिन हर बार आश्वासन ही मिल रहा है। हड़ताल के चलते संस्था संबधित गेंहू पंजीयन, भावांतर पंजीयन योजना सहित अन्य सेवाएं पूरी तरह से ठप हो गई हैं। प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष मणीशंकर मंडलोई ने संबोधित करते हुए कहा कि सरकार लोक लुभावने वादे कर सत्ता में तो आ गई, लेकिन सत्ता में आने के बाद अपने वादे से मुकर रही है। प्रदर्शन के दौरान संजय पाठक, सजनसिंह, बाबूलाल राठौर, हिम्मतसिंह डोडिया सहित बड़ी संख्या में सहकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
